Bokaro News : अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. चंदनकियारी के बाद अब बरमसिया ओपी क्षेत्र में भी चोरों ने दस्तक दी है. बरमसिया ओपी क्षेत्र केचंदनकियारी-बरमसिया मुख्य सड़क किनारे बोदमा मोड़ स्थित एमएस टीआर इंटरप्राइजेज दुकान का रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़ दिया और करीब एक लाख रुपये मूल्य के सामान लेकर फरार हो गए.
इसे भी पढ़ें...
चोरी की घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला, जब आसपास के दुकानदारों ने दुकान का ताला टूटा देखा. उन्होंने तत्काल दुकान मालिक मो तैय्यब अंसारी को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने पर दुकानदार मौके पर पहुंचे और बरमसिया ओपी पुलिस को घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलने के बाद ओपी प्रभारी शैलेंद्र कुमार पासवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू की. दुकानदार के अनुसार, चोर दुकान से एक ड्रिल मशीन, 13 बंडल तार, आधा एचपी का एक मोटर सहित अन्य सामान ले गए हैं. चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है.
दुकानदार मो तैय्यब अंसारी ने बताया कि रविवार को वह किसी काम से बाहर गए थे. वहीं, दुकान के कर्मचारी की मां की तबीयत खराब होने के कारण दुकान बंद थी. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने दुकान को निशाना बनाया.
इस संबंध में बरमसिया ओपी प्रभारी शैलेंद्र कुमार पासवान ने बताया कि घटना की सूचना मिली है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि, अब तक लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

