Bokaro News : बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन द्वारा निजी सुरक्षा गार्डों को बहाल करने और पहले से तैनात होमगार्ड जवानों को हटाने की कथित तैयारी के खिलाफ जवानों का गुस्सा फूट पड़ा है.
होमगार्ड जवान रुपांजलि ने बताया कि वे लंबे समय से बीएसएल में पूरी ईमानदारी के साथ 24 घंटे अपनी सेवाएं दे रही हैं. हर कठिन परिस्थिति और धरना-प्रदर्शन के दौरान भी जवानों ने ड्यूटी निभाई है, यहां तक कि कर्तव्य पालन के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आई और बाद में पैर काटना पड़ा, और अभी कृत्रिम पैर लगाकर बीएसएल में ड्यूटी कर रही है.
वहीं, महिला जवान गायत्री देवी ने कहा कि वे वर्ष 1990-91 से बीएसएल में तैनात हैं और 1996-97 के आंदोलनों के दौरान भी टेंट लगाकर ड्यूटी की है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीएसएल में 600 जवानों के नाम पर 400 जवानों से काम लिया जा रहा है और शेष 200 जवानों का कोई हिसाब नहीं है.
एक अन्य होमगार्ड जवान ने बताया कि वर्ष 1984 से गृह रक्षक बीएसएल की सुरक्षा संभाल रहे हैं. वर्ष 2010 में भी उन्हें हटाने का प्रयास हुआ था. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नए अधिकारी निजी लाभ के लिए निजी एजेंसियों को बढ़ावा देना चाहते हैं.

