Ranchi News : निगम क्षेत्र में संचालित हॉस्टल, लॉज एवं कोचिंग संस्थानों में वैधानिक प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई की. इसी क्रम में नगर निगम ने पूर्व में 10 संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किया था.
इसे भी पढ़ें...
आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने एवं वैधानिक प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिए गए थे. इसके बावजूद संबंधित संस्थानों द्वारा निर्धारित निर्देशों का अनुपालन नहीं किया गया. संस्थानों की ओर से जवाब प्रस्तुत किया गया, उनका जवाब भी संतोषजनक नहीं पाया गया.
नियमों का अनुपालन नहीं करने वाले संस्थानों का संचालन बंद कराया गया है. नगर निगम के अनुसार कोचिंग संस्थानों के संचालन के लिए ट्रेड लाइसेंस, हॉस्टल पंजीकरण, वाणिज्यिक होल्डिंग, अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (Fire NOC), स्वीकृत भवन प्लान सहित अन्य आवश्यक अनुमतियां एवं निर्धारित मानकों का अनुपालन अनिवार्य है.
नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध होगी कार्रवाई
नगर निगम ने 45 हॉस्टल, लॉज एवं कोचिंग संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किया है. संबंधित संस्थानों को नोटिस प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर अपना संचालन बंद करने का निर्देश दिया. स्वीकृत भवन प्लान एवं संस्थान के संचालन से संबंधित सभी आवश्यक वैधानिक दस्तावेज नगर निगम के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है.
निगम ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में निर्देशों का अनुपालन नहीं किए जाने पर संस्थानों को सील किए जाएंगे. भवनों का अनधिकृत उपयोग अथवा स्वीकृत भवन प्लान में निर्धारित उपयोग के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

