Bokaro News: महाराष्ट्र के पुणे में 27 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है. इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से बोकारो के खिलाड़ी साहिल और कृष्णा, टीम मैनेजर ईशा तथा कोच किंकर कृष्णा झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:
इस प्रतियोगिता में झारखंड की बालिका टीम ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. टीम ने लगातार तीन मुकाबलों में जीत दर्ज कर पहली बार अपने पूल में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. झारखंड ने ओडिशा को 64-34, असम को 73-13 और पश्चिम बंगाल को 58-44 से पराजित किया.
वहीं, बालक वर्ग में भी झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. टीम ने अंडमान एवं निकोबार को 91-15 से हराया और मणिपुर के खिलाफ भी एकतरफा जीत दर्ज की. दो मुकाबलों में जीत के साथ झारखंड की बालक टीम अपने पूल में दूसरे स्थान पर रही.
इस उपलब्धि पर बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्येंद्र नारायण सिंह ने बोकारो के खिलाड़ियों, टीम मैनेजर और कोच को बधाई देते हुए उनके परिश्रम और समर्पण की सराहना की. उन्होंने आगामी मुकाबलों के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और जीत का सिलसिला जारी रखने की कामना की.
वहीं, एसोसिएशन के सचिव कन्हैया प्रसाद ने भी बोकारो के सभी खिलाड़ियों, मैनेजर और कोच को बधाई दी. उन्होंने झारखंड की दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं.
बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के लिए यह गर्व का क्षण है कि जिले के खिलाड़ी, मैनेजर और कोच राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. बोकारो से शुरू हुआ यह प्रयास आज झारखंड की पहचान को राष्ट्रीय बास्केटबॉल मंच पर नई ऊंचाई दे रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

