- 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय होगा महोत्सव
- 18 नवंबर तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश
Bokaro News: ललपनिया स्थित श्यामली गेस्ट हाउस में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं टीटीपीएस प्रबंधन के साथ लुगुबुरु घंटाबाड़ी राजकीय महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक की.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त ने कहा कि लुगुबुरु घंटाबाड़ी धर्म महासम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि संथाल आदिवासी समाज की गहरी धार्मिक आस्था, संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ी भावनाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है. प्रत्येक श्रद्धालु यहां केवल एक आयोजन का हिस्सा बनने नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने आता है. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सम्मान और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
आगामी 22, 23 एवं 24 नवंबर को तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित होगा. श्रद्धालुओं का आगमन महोत्सव से पहले ही शुरू हो जाता है. कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को ध्यान में रखते हुए भी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने को कहा.
महोत्सव परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में रंग-रोगन, मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के सभी कार्य 18 नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया. लुगुबुरु क्षेत्र के धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश एवं आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा.
सीता नाला झड़ना सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण कराने तथा चट्टानों एवं धार्मिक स्थलों पर अनधिकृत रूप से लिखे गए नाम एवं प्रचार सामग्री हटाने की कार्रवाई करने को कहा. दुर्घटना संभावित एवं संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर मजबूत बैरिकेडिंग तथा फिसलन वाले रास्तों को सुरक्षित बनाने का निर्देश दिया.
बसों के ठहराव एवं संचालन के लिए अलग व्यवस्था निर्धारित करने तथा शहर के प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक बसों की आवाजाही नियंत्रित करने पर भी जोर दिया गया. रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड से महोत्सव स्थल तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को मिलने वाली सभी आवश्यक सुविधाओं का एक समन्वित रोडमैप तैयार किया जाए. इसमें मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, पेयजल, भोजन वितरण, पार्किंग, शौचालय एवं अन्य सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी शामिल हो. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं शहर के प्रमुख स्थानों पर बड़े सूचना पट एवं फ्लेक्स लगाने का निर्देश दिया.
बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, एफओ संदीप शिंदे, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार, एसडीओ बेरमो मनोज कुमार, डीएसओ- हेमलता बून, डीईओ प्रवीण रंजन, डीएसई- अतुल चौबे, गोमिया, पेटरवार एवं बेरमो के बीडीओ/सीओ, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं टीटीपीएस प्रबंधन के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

