Ranchi News : रांची जिले के बुंडू सहित कई जगहों पर अवैध लॉटरी का कारोबार लंबे समय से चल रहा है. इसे लेकर झारखंड के पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. राजा पीटर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अवैध लॉटरी के कारोबार और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं.
इसे भी पढ़ें
राजा पीटर ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि जमशेदपुर पश्चिम से जदयू विधायक सरयू राय ने जमशेदपुर में अवैध लॉटरी कारोबार का मुद्दा उठाया, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की और कारोबार पर रोक लगाने का प्रयास किया. वहीं, उनका आरोप है कि तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के बुंडू थाना क्षेत्र में वर्षों से चल रहे लॉटरी कारोबार की जानकारी राज्यपाल को दिए जाने के बावजूद इस पर रोक नहीं लगी.
पूर्व मंत्री ने अपनी पोस्ट में दावा किया है कि हेमंत सिंह नामक युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अवैध लॉटरी कारोबार की जानकारी लोगों तक पहुंचाई. आरोप है कि कारोबार से जुड़े लोगों ने उसे घर से उठाकर मारपीट की. राजा पीटर के मुताबिक, इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक सिर्फ जांच चल रही है.
राजा पीटर ने अपनी पोस्ट में बुंडू के जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और लॉटरी कारोबारियों के बीच संबंधों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने पुलिस-प्रशासन से इसकी जवाबदेही तय करने की मांग की है. इन आरोपों के बाद अब प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

