Bokaro News : बेरमो अनुमंडल स्थित पेटरवार थाना क्षेत्र के तेनुघाट पेटरवार मुख्य मार्ग में एक ट्रैक्टर गैराज में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई. गैराज के अंदर ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया और गैराज में रखे ट्रैक्टर के कई महत्वपूर्ण पार्ट्स और अन्य जरूरी सामान धू-धू कर जल गए.
गैरेज मालिक प्रेमलेश शर्मा के मुताबिक, इस अगलगी में 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. उन्होंने बताया कि वे घर पर खाना खा रहे थे, तभी स्थानीय लोगो ने उन्हें सूचना दी कि गैराज में आग लग गई है. इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और तेनुघाट दमकल विभाग को जानकारी दी.
सूचना मिलने पर प्रधान अग्निशालक दीनानाथ शुक्ला अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी इलाकों को सुरक्षित बचा लिया गया. गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो स्थिति और भी भयानक हो सकती थी.
इसे भी पढ़ें
पहले भी सामने आ चुकी हैं आग की घटनाएं
बोकारो जिले में हाल के महीनों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं. इनमें औद्योगिक प्रतिष्ठान से लेकर बाजार और ग्रामीण इलाकों तक आग की घटनाएं शामिल हैं. लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं ने औद्योगिक क्षेत्रों, बाजारों और अन्य स्थानों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत को फिर से उजागर किया है.
8 अक्टूबर 2026 : बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के ब्लास्ट फर्नेस नंबर-1 स्थित स्लैग ग्रेनुलेशन सेक्शन में कन्वेयर बेल्ट K-21 और K-22 में गर्म स्लैग के संपर्क में आने से आग लग गई. दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
6 सितंबर 2026 : बोकारो के सेक्टर-6 मार्केट में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई .इस घटना में आठ दुकानें जलकर खाक हो गई थीं.
अगस्त 2026 : जिले के गोमिया प्रखंड की बांध पंचायत स्थित पलानी झरकी बस्ती के पास खुले मैदान में जमीन के नीचे से अचानक आग की लपटें निकलने लगी थीं. माना जा रहा था कि मिथेन गैस होने के कारण जमीन के नीचे आग लगी थी.

