Bokaro : बोकारो जिले के चंदनकियारी के विधायक उमाकांत रजक ने चास प्रखंड के कोलबेंदी में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का शनिवार को शिलान्यास किया. इस भवन का निर्माण 15वें वित्त आयोग की निधि से किया जाएगा. उमाकांत रजक ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की पहचान है. राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है.
उन्होंने कहा कि कोलबेंदी में उप-स्वास्थ्य केंद्र बनने से लोगों को गांव के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी. इलाज के लिए उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा. चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल व आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के साथ विकास की यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी.
मौके पर जयंत सिंह देव, अरुण सिंह देव, शंकर सिंह देव, शहाबुद्दीन अंसारी, प्रकाश शर्मा, दामोदर महतो, सजल गुई, उमेश चौधरी, सोमनाथ पाठक, विकास दास, अजय दास, अशोक सिंह देव, संवेदक मधुसूदन पाठक, राजेश सिंह, मिहिर बाउरी, बिंदेश्वर बाउरी, अमर देवघरिया, खलील अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

