Bokaro News : जिले के कसमार प्रखंड के खैराचातर स्थित डोम टोला (अंबेडकर नगर) में बुधवार की रात तेज बारिश के दौरान एक जर्जर कच्चा मकान अचानक धराशायी हो गया. मकान गिरने की जोरदार आवाज से घर में सो रहे परिवार के पांच सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई.
इसे भी पढ़ें...
सभी किसी तरह बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया. हालांकि 22 वर्षीय मिथुन डोम मलबे में फंस गया. ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला. हादसे में मिथुन के पैर में चोट लगी है.
परिवार के अनुसार, हादसे के समय गर्भवती सोनाली देवी, सोनू डोम, तीन वर्षीय मिस्टी, 65 वर्षीय बाली देवी और मिथुन घर के अंदर सो रहे थे. मकान काफी पुराना और जर्जर था. बारिश से बचाव के लिए छत को प्लास्टिक से ढका गया था. लगातार बारिश के कारण कच्ची दीवारें कमजोर हो गई थीं. इसी दौरान अचानक पूरा मकान भरभराकर गिर पड़ा.
घटना के बाद परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

