Bokaro News : बोकारो में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. सेक्टर-4 स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम में 18 से 27 अगस्त तक दूसरी एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित होगी.
बोकारो की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से 900 से अधिक महिला और पुरुष तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं. प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे.
प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड तीरंदाजी संघ के मार्गदर्शन में बोकारो जिला तीरंदाजी संघ कर रहा है. इसमें सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर श्रेणी के खिलाड़ी रिकर्व और कंपाउंड वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
सीनियर वर्ग के मुकाबले 19 और 20 अगस्त को होंगे. इस श्रेणी में लगभग 400 तीरंदाज मैदान में उतरेंगे. इसके बाद 22 और 23 अगस्त को जूनियर वर्ग की स्पर्धाएं होंगी, जिसमें 300 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. वहीं, 25 और 26 अगस्त को सब-जूनियर वर्ग में करीब 200 युवा तीरंदाज प्रतिस्पर्धा करेंगे.
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय तीरंदाजी के चर्चित नाम भी बोकारो पहुंच चुके हैं. अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी और अतनु दास ने कुमार मंगलम स्टेडियम में अभ्यास भी किया. दीपिका कुमारी ने युवा तीरंदाजों को अभ्यास के दौरान एकाग्रता बनाए रखने की सलाह दी.
उन्होंने कहा कि खेल में उपलब्धि हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास जरूरी है. लक्ष्य पर लगातार ध्यान केंद्रित करते हुए नियमित अभ्यास ही खिलाड़ी को बेहतर मुकाम तक पहुंचाता है.राज्य के उभरते खिलाड़ियों को देश के अनुभवी और शीर्ष तीरंदाजों को नजदीक से उनसे सीखने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता जानने का मंच भी मिलेगा.

