Search

 
 
 

Bokaro News: बोकारो में गर्भवती दलित महिला की पीट-पीटकर हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत पांच नंबर धौड़ा स्थित अमलो रेलवे साइडिंग में शुक्रवार देर रात हुई मारपीट की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. घटना में 25 वर्षीय गर्भवती दलित महिला अनीता देवी की मौत हो गई.
 

Bermo: बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत पांच नंबर धौड़ा स्थित अमलो रेलवे साइडिंग में शुक्रवार देर रात हुई मारपीट की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. घटना में 25 वर्षीय गर्भवती दलित महिला अनीता देवी की मौत हो गई. महिला की मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया. परिजनों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.


परिजनों के अनुसार अनीता देवी जलावन के लिए रेलवे साइडिंग से कोयला लाने गई थीं. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई. मृतका के पति महेश भुइयां ने आरोप लगाया कि संतोष साव गिरोह से जुड़े लोगों ने उनकी पत्नी और एक अन्य महिला पूनम देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की.


महेश भुइयां ने बताया कि बबलू कुमार, सुरेश भुइयां, सुनील भुइयां, सुरेंद्र भुइयां और वीरेंद्र कुमार समेत कुल 19 लोगों ने अनीता देवी को घेरकर पीटा. मारपीट के दौरान अनीता जमीन पर गिर पड़ीं. आरोप है कि इसके बाद भी उनके साथ मारपीट जारी रही. गंभीर हालत में परिजन उन्हें तुरंत केंद्रीय अस्पताल ढोरी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.


घटना की सूचना मिलते ही बेरमो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया. पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.


मामले की जानकारी मिलने पर धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और डुमरी विधायक जयराम महतो भी मौके पर पहुंचे. दोनों नेताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की. इस दौरान प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच तीखी बहस भी हुई. बढ़ते दबाव के बीच देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.


परिजनों ने बताया कि अनीता देवी चार माह की गर्भवती थीं. उनकी मौत के साथ गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई. अनीता अपने पीछे चार साल की बेटी और डेढ़ साल के बेटे को छोड़ गई हैं. वहीं पूरे इलाके में घटना को लेकर गुस्सा और शोक का माहौल है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही