Bokaro News : चास पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंसारी मोहल्ला स्थित सुधीर खटाल के पीछे एक खंडहरनुमा मकान में छापेमारी की. पुलिस ने मौके से 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 4,840 रुपये नगद, 10 मोबाइल फोन, ताश की गड्डियां और दरी बरामद की गई है.
इस संबंध में चास थाना के इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी. उन्होंने कहा कि चास के अंसारी मोहल्ला सुधीर खटाल के पीछे एक खंडहरनुमा मकान में सामाजिक तत्वों के जमावड़े की सूचना मिली थी, इसके सत्यापन के दौरान वहां भारी संख्या में उपस्थित लोग जुआ खेल रहे थे.
उन्होंने कहा कि चारों तरफ से घेराबंदी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही 4840 रुपए भी बरामद किए गए हैं. मालूम हो कि उक्त अड्डे पर लंबे समय से जुआ का धंधा चल रहा था, जुआ का संचालन छोटू नामक एक व्यक्ति करवा रहा था.
छोटू के खिलाफ पूर्व में भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी, फिलहाल वो जमानत पर है लेकिन पुलिस शीघ्र ही उसे गिरफ्तार करेगी. गिरफ्तार आरोपियों में कुरबान अंसारी, मंटू महतो, हसन अंसारी, दुलाल स्वर्णकार, अजय कुमार रजवार, आलोक चट्टर्जी, रफीक शेख, मनीष कुमार राय, एस के राजा अब्दुल अंसारी शामिल है. जिन्हें पुलिस जेल भेज रही है.

