Bokaro News : बोकारो पुलिस ने दीपावली और लोक आस्था का महापर्व छठ को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की तैयारी शुरू कर दी है. बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना ने अपराधियों और उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूजा के दौरान किसी भी कीमत पर हुड़दंग और हुल्लड़बाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
एसपी ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी डीएसपी, थाना प्रभारियों और एसडीएम को आवश्यक निर्देश दिए हैं. उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ फरार वारंटियों को पकड़ने और संवेदनशील परिस्थितियों में कानून के प्रावधानों के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा है. जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें
विधि-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर
त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी. किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. जिला प्रशासन और पुलिस मिलकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ और छठ पर्व के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
एसपी नाथू सिंह मीना ने आम लोगों से दीपावली और छठ पर्व को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है.

