- बिना हेलमेट वाहन चालकों को माला पहनाकर किया जागरूक, ट्रैफिक नियमों के पालन का दिया संदेश बोकारो
Bokaro : पुलिस द्वारा सोमवार को शहर के पत्थरकट्टा चौक पर ट्रैफिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अभियान का नेतृत्व सेक्टर-6 थाना की ओर से किया गया. कार्यक्रम में ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद, सिटी डीएसपी राजीव रंजन, सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले लोगों को रोककर ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई. पुलिस अधिकारियों ने उन्हें माला पहनाकर भविष्य में हेलमेट पहनने और सभी यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया. वहीं, हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे लोगों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया और उन्हें दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया.
मौके पर सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है. छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. इसलिए वाहन चालकों को हमेशा हेलमेट पहनना चाहिए तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए.
वहीं ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है. हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग दुर्घटना के दौरान जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार व परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने राहगीरों और वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित सफर का संदेश दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment