Bokaro News : जिले के सियालजोरी थाना क्षेत्र स्थित वेदांता इलेक्ट्रो स्टील प्लांट परिसर में देर रात खुले नाले में गिरने से एक ग्रामीण की मौत हो गई. मृतक की पहचान हाराधन महथा के रूप में हुई है. वह प्लांट परिसर के अंदर स्थित भागा बांध गांव निवासी थे.
बताया जा रहा है कि हाराधन महथा देर रात किसी काम से जा रहे थे. इसी दौरान वह प्लांट परिसर के अंदर स्थित खुले नाले में गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया.

मौके पर भारी भीड़
परिजनों ने प्लांट प्रबंधन से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का आरोप है कि प्लांट परिसर के अंदर खुले नाले और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण यह हादसा हुआ.
उनका कहना है कि प्लांट परिसर के अंदर आज भी गांव बसा हुआ है और ग्रामीणों का नियमित रूप से आना-जाना होता है. ऐसे में खुले नाले जैसी जगहों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है. मामले को लेकर प्लांट प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
इधर घटना की सूचना मिलने के बाद सियालजोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

