- बोकारो क्लब के पास हेलमेट पहने दो बदमाश ने दिया वारदात को अंजाम
- पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
Bokaro News : बोकारो क्लब के पास गुरुवार की सुबह मॉर्निग वॉक से लौट रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन ली. इतना ही नहीं शोर मचाने पर बदमाशों ने महिला के पेट पर पिस्तौल सटाया और जान से मारने की धमकी दी. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश पुस्तकालय मैदान की ओर फरार हो गए.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-5 सेंटर मार्केट निवासी यास्मीन निगार (48 वर्षीय) गुरुवार की सुबह पुस्तकालय मैदान में मॉर्निंग वॉक करने गई थी. वापस लौटने के दौरान जैसे ही वह बोकारो क्लब की ओर जाने वाले रास्ते पर करीब 50 मीटर आगे पहुंची, लाल रंग के पैशन प्रो बाइक पर हेलमेट पहने दो युवक उससे आगे निकल गए.
महिला के अनुसार, बदमाश करीब 25 मीटर आगे जाकर बाइक रोक दी. इसके बाद एक युवक दौड़कर पीछे आया और उसने झपट्टा मारकर चेन छीन ली. महिला ने शोर मचाते हुए मदद के लिए आवाज लगाई. इसी दौरान बदमाश ने पिस्तौल निकालकर उसके पेट में सटा दी और हल्ला करने पर जान से मारने की धमकी दी.
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से पुस्तकालय मैदान की ओर फरार हो गए. महिला घबराई हालत में राहगीरों से मदद मांगने लगी. इसी दौरान एक व्यक्ति ने रुककर घटना की जानकारी ली.
वारदात की सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना, सेक्टर-1 थाना की पुलिस और सिटी डीएसपी राजीव रंजन मौके पर पहुंचे. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और संभावित भागने वाले मार्गों की भी जांच कर रही है.
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

