Search

 
 
 

बोकारो: वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर का निधन, शोक की लहर

गोमिया निवासी वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर (70) का गुरुवार को निधन हो गया. वे पिछले कई महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उन्होंने रांची स्थित अपने आवास पर सुबह करीब 11:30 बजे अंतिम सांस ली. नागेश्वर अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं.
 

Bokaro : बेरमो अनुमंडल के गोमिया निवासी वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर (70) का गुरुवार को निधन हो गया. वे पिछले कई महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उन्होंने रांची स्थित अपने आवास पर सुबह करीब 11:30 बजे अंतिम सांस ली. नागेश्वर अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक व्याप्त है. 

 

जानकारी के अनुसार, नागेश्वर को चार-पांच माह पूर्व ब्रेन स्ट्रोक हुआ था. इसके बाद उन्हें रांची के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां डॉक्टरों ने उनकी ब्रेन सर्जरी भी की थी. इलाज के बाद उन्हें घर लाया गया, लेकिन वे पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो सके. अंततः लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया. उनका अंतिम संस्कार रांची में किया जाएगा.

 

 

मूल रूप से गोमिया के खुदगढ़ा निवासी नागेश्वर राम के पिता स्व. कन्हाई राम रेलवे में कार्यरत थे. पुराने कांग्रेसी के रूप में जाने जाते थे. नागेश्वर 1990 के दशक में प्रभात खबर के लिए लिख रहे थे. ग्रामीण पत्रकारिता में उनकी विशेष पहचान थी. नक्सल प्रभावित झुमरा क्षेत्र सहित ग्रामीण इलाकों की खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ थी. अपनी सशक्त लेखनी के माध्यम से उन्होंने जनसमस्याओं को उठाया और विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

 

 सुबह से देर रात तक खबरों के प्रति उनका समर्पण क्षेत्र में मिसाल माना जाता था. सामाजिक सरोकार और पत्रकारिता के प्रति समर्पण के लिए उन्हें कई बार सम्मानित भी किया गया था. उनके निधन पर राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह, पूर्व सांसद रवीन्द्र कुमार पांडेय, पूर्व विधायक बबीता देवी, डॉ लंबोदर महतो, जयप्रकाश भाई पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज सहित कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है.


 बेरमो व बोकारो के पत्रकारों ने नागेश्वर के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है. उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही