Search

 
 
 

बोकारो: जिले के 29 केंद्रों पर होगी 19 अप्रैल को संयुक्त असैनिक सेवा भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा

झारखंड लोक सेवा आयोग अंतर्गत संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी) भर्ती प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 का आयोजन आगामी 19 अप्रैल को होने जा रहा है. परीक्षा  के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त के उद्देश्य से गुरुवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) सभागार में महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया.
 

Bokaro: झारखंड लोक सेवा आयोग अंतर्गत संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी) भर्ती प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 का आयोजन आगामी 19 अप्रैल को होने जा रहा है. परीक्षा  के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त के उद्देश्य से गुरुवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) सभागार में महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया. 


इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अजय नाथ झा ने की, जिसमें जिले के सभी परीक्षा केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे. उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का गहन अध्ययन कर प्रत्येक बिंदु का अनुपालन सुनिश्चित करें. 

 


उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य एसओपी के बाहर नहीं होना चाहिए तथा सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और सतर्कता से करें. उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार की अनावश्यक बातचीत नहीं हो. 


परीक्षा में कदाचार की संभावनाओं को समाप्त करने के लिए मुख्यालय डीएसपी को निर्देश दिया गया कि परीक्षा से पूर्व जिले के सभी होटल, लॉज एवं ठहराव स्थलों पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया जाए. इसका उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना एवं किसी भी साजिश को विफल करना है.


मौके पर मुख्यालय डीएसपी अनिमेश गुप्ता ने कहा कि परीक्षा के दौरान कदाचार रोकने के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है. बिना अनुमति किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.


जिले में कुल 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 14,208 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी तथा प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी. अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों के गेट समय पर खोले जाएंगे. प्रवेश से पूर्व पहचान पत्र की सघन जांच होगी. 


महिला अभ्यर्थियों के लिए महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी. परीक्षा केंद्रों के आसपास आवश्यक कानूनी प्रावधान लागू किए जाएंगे. बैठक के अंत में उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी अधिकारियों से टीम वर्क के साथ कार्य करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त होनी चाहिए, ताकि जिले की छवि बेहतर बने.


मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी व एनडीसी प्रभाष दत्ता ने भी परीक्षा को लेकर जरूरी दिशा – निर्देशों से अवगत कराया. उधर, बतौर प्रशिक्षक शिक्षक संजय कुमार ने सभी को आयोग द्वारा जारी एसओपी की विस्तृत जानकारी दी. इस अवसर पर डीएसओ शालिनी खालको, जिला शिक्षा पदाधिकारी  जगरनाथ लोहरा, एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ, डीपीआरओ रवि कुमार, डीटीओ  मारूति मिंज, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही