Bokaro : जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-12C के आवास संख्या 3073 को चोरों ने निशाना बनाया है. चोरों ने बीती रात घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी काटकर करीब 17 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र दास बीएसएल के सीसीएस विभाग में पदस्थापित हैं. परिवार के सभी सदस्य राजगंज (धनबाद) एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. इसी दौरान चोरों ने घर को खाली पाकर वारदात को अंजाम दिया. चोर घर से करीब 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण, जिसमें कंगन, अंगूठी और मांगटीका समेत कई गहने शामिल हैं. जबकि तीन लाख रुपये के चांदी के जेवरात, चांदी के बर्तन और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए.
गृहस्वामिनी आरती कुमारी ने बताया कि वे अपनी मौसी के बेटे की शादी में शामिल होने राजगंज गई थीं. वापस लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. घर के अंदर गईं तो सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद घटना की जानकारी सेक्टर-12 पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ चोरी की घटना से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है. खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी. गृहस्वामी राजेंद्र दास को थाना बुलाया गया है.

