Search

 
 
 

26वीं सब-जूनियर झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप में बोकारो का शानदार प्रदर्शन

झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 26वीं सब-जूनियर झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप में बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन (BDBA) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.
 

Bokaro:  झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 26वीं सब-जूनियर झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप में बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन (BDBA) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. प्रतियोगिता में बोकारो की बालिका टीम ने स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतकर राज्य चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि बालक टीम ने रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल कर जिले का नाम रोशन किया.

 


अंडर-13 बालिका वर्ग में बोकारो की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल, अनुशासन और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन किया. सेमीफाइनल मुकाबले में बोकारो ने टाटा स्टील की टीम को एकतरफा मुकाबले में 31-07 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया.

 


फाइनल मुकाबले में जमशेदपुर की मजबूत टीम के खिलाफ बोकारो की खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास और उत्कृष्ट कौशल का परिचय देते हुए 31-23 से जीत दर्ज की और चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली. इस जीत के साथ बोकारो की बेटियां झारखंड की नई चैंपियन बन गई.

 


टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में सेजल, ऋचा, इशिका, प्राची, प्रिया, एकता, शिवांजलि, सोनाक्षी, वेदिका, वृष्टि एवं आकांक्षा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. 

 


प्राची सिन्हा को पूरे चैंपियनशिप में खेल प्रदर्शन के दाम पे बेस्ट प्लेयर पर कब्जा किया. वहीं अपने शानदार खेल के दाम पर और  अनुभव , स्किल से श्री अय्यप्पा स्कूल की सेजल सिंह ने पूरे टूर्नामेंट पे अपना पक्कड़ बनाई रखा और बोकारो को गोल्ड दिलवाया.

 


खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों और खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया. बालिका टीम की सफलता के पीछे कोच किंकर कृष्णा का समर्पित मार्गदर्शन तथा मैनेजर प्रियांशु की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों में भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की.

 


अंडर-13 बालक वर्ग में भी बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. सेमीफाइनल मुकाबले में बोकारो का सामना साहिबगंज से हुआ. रोमांचक मुकाबले में बोकारो के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए 58-27 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया.

 


फाइनल मुकाबले में बोकारो की टीम का सामना दमका (दुमका) की मजबूत टीम से हुआ. कड़े संघर्ष और बेहतरीन खेल के बावजूद बोकारो की टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी और उपविजेता रही. हालांकि खिलाड़ियों के जुझारू प्रदर्शन और खेल भावना ने वहां मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया. टीम ने रजत पदक (सिल्वर मेडल) प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया. 

 

 

बालक टीम में कृष्णा, नवीन, आशीष, अभि, शिवम, गैरी, अंशुमान, केशव, अयान, वंश, रियांश एवं अश्वनी शामिल हैं. शानदार प्रदर्शन करने वाले बोकारो के नवीन कुमार को बेस्ट प्लेयर अवार्ड से नवाजा गया.

 


बालक टीम के कोच किंकर कृष्णा एवं निशांत तथा मैनेजर प्रत्यूष ने खिलाड़ियों का सफल नेतृत्व किया और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

 


इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद पूरे बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन में उत्साह और खुशी का माहौल है. संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने इस सफलता को बोकारो बास्केटबॉल के इतिहास का स्वर्णिम क्षण बताया.

 


संघ के अध्यक्ष सतेन्द्र नारायण सिंह, उपाध्यक्ष बाल्मीकि पाठक, सचिव कन्हैया प्रसाद, तकनीकी चेयरमैन अमित कुमार, वाइस प्रेसिडेंट रंजन दुबे, ज्वाइंट सेक्रेटरी तथा संघ के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने खिलाड़ियों, कोचों और मैनेजरों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.

 


संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि अंडर-13 वर्ग के इन बच्चों ने केवल एक प्रतियोगिता नहीं जीती है, बल्कि पूरे जिले के लिए एक नई मिसाल कायम की है. उन्होंने साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन, समर्पण और सही प्रशिक्षण के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यही खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बोकारो तथा झारखंड का नाम और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे.

 


बोकारो की बेटियों द्वारा जीता गया गोल्ड मेडल और बेटों द्वारा हासिल किया गया सिल्वर मेडल पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है. यह सफलता केवल पदकों तक सीमित नहीं है, बल्कि बोकारो बास्केटबॉल के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है.

 

26वीं सब-जूनियर झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप में बोकारो का शानदार प्रदर्शन

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही