Giridih News: जिले में बच्चों की बुनियादी गणितीय दक्षता को मजबूत करने एवं शिक्षण प्रक्रिया को तकनीक से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:
यूथ इंपैक्ट के सहयोग से बेंगाबाद एवं गांडेय प्रखंड में ‘मोबाइल गुरु’ कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से स्कूल अवधि के बाद शिक्षक मोबाइल के जरिए बच्चों को गणित विषय की अतिरिक्त शिक्षा प्रदान करेंगे.
कार्यक्रम के तहत वर्ग 3 से 5 के बच्चों को उनकी बुनियादी गणितीय समझ को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दो अंकों का जोड़, घटाव, गुणा एवं भाग जैसे महत्वपूर्ण गणितीय कौशल सिखाए जाएंगे.
मोबाइल आधारित शिक्षण पद्धति के माध्यम से बच्चों को सरल, सहज एवं रुचिकर तरीके से अभ्यास कराया जाएगा. वर्तमान में गांडेय एवं बेंगाबाद प्रखंड के 100 शिक्षकों को इस कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित किया गया है.
प्रशिक्षित शिक्षक स्कूल अवधि के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बच्चों को मोबाइल आधारित शिक्षण सामग्री के माध्यम से गणित का अभ्यास कराएंगे.
इस पहल का उद्देश्य बच्चों में गणित विषय के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनकी बुनियादी गणितीय दक्षताओं को मजबूत करना, सीखने की गति में सुधार लाना तथा डिजिटल तकनीक का शैक्षणिक उपयोग सुनिश्चित करना है.
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि तकनीक का रचनात्मक उपयोग कर बच्चों को सीखने के अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं. 'मोबाइल गुरु' जैसी पहल शिक्षा को तकनीक से जोड़ने के साथ-साथ बच्चों के सीखने के परिणामों में सुधार लाने की दिशा में उपयोगी साबित होगी.
उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे मोबाइल आधारित शिक्षण संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए बच्चों को नियमित अभ्यास कराएं तथा उनकी सीखने की प्रगति पर भी विशेष ध्यान दें. साथ ही, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की नियमित निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
यूथ इंपैक्ट के सहयोग से संचालित यह पहल जिले में बच्चों की बुनियादी गणितीय दक्षता को मजबूत करने तथा डिजिटल माध्यमों के प्रभावी शैक्षणिक उपयोग की दिशा में एक सार्थक कदम है. इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

