Search

 
 
 

BREAKING: लातेहार के केमा गांव में ड्रोन सर्वे को लेकर ग्रामीण व पुलिस में झड़प, कई घायल

जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत केमा गांव में गुरुवार को प्रस्तावित तुबिद कोल ब्लॉक में ड्रोन के माध्यम से किए जा रहे सर्वेक्षण को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई.
 

Latehar: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत केमा गांव में गुरुवार को प्रस्तावित तुबिद कोल ब्लॉक में ड्रोन के माध्यम से किए जा रहे सर्वेक्षण को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. इस दौरान हुई झड़प में पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए.

 

 

मिली जानकारी के अनुसार दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) की ओर से प्रस्तावित तुबिद कोल ब्लॉक क्षेत्र में ड्रोन से सर्वे कराया जा रहा था. इसकी जानकारी मिलते ही केमा गांव के ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सर्वे कार्य को रोकने की मांग करने लगे.

 

ग्रामीणों का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना और उनकी सहमति के ड्रोन सर्वे किया जा रहा था, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया. विरोध के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. इसी दौरान धक्का-मुक्की और झड़प की घटना हुई, जिसमें पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए.

 

घायलों का प्राथमिक उपचार स्थानीय स्तर पर कराया गया. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

 

इस मामले में लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की बात सही नहीं है. उन्होंने बताया कि सर्वे को लेकर ग्रामीणों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, लेकिन पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया.

 

एसपी ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही