Search

धनबादः डीसी ने की नगर निगम की योजनाओं की समीक्षा, शहर के सतत विकास पर जोर

Dhanbad : धनबाद डीसी आदित्य रंजन ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में नगर निगम की विभिन्न परियोजनाओं व भावी योजनाओं की समीक्षा बैठक की. बैठक में स्वच्छता प्रबंधन, जल संरक्षण, शहरी विकास, यातायात व्यवस्था व सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की हुई. डीसी ने शहर के सतत विकास पर जोर दिया.


नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने ठोस कचरा प्रबंधन के लिए किए जा रहे सुधारों की विस्तृत जानकारी दी. बैठक में आईआईटी-आईएसएम व नगर निगम के बीच सहयोग पर भी विचार किया गया. इसके तहत प्लास्टिक कचरे के सतत उपयोग जैसे कार्बन नैनो ट्यूब, हाइड्रोजन उत्पादन व प्लास्टिक आधारित सड़क निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा हुई. 
वार्ड संख्या 19 और 20 में स्थित पंपू तालाब के विकास की योजना पर भी चर्चा हुई. कोयला खदानों में संचित पिट वाटर को शोधन कर पेयजल स्तर तक उपयोग करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया. इस दिशा में बीसीसीएल व जिला प्रशासन के समन्वय से शहर के विभिन्न स्थानों पर पिट वाटर आधारित पेयजल कियोस्क स्थापित करने की संभावना पर चर्चा हुई.

 

डीसी ने शहरी क्षेत्र में गड्ढों (पॉटहोल) की मरम्मत के लिए कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया. वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने सड़क के डिवाइडरों के किनारे क्षतिग्रस्त ग्रिलों की मरम्मत का मुद्दा उठाया. बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर संबंधित विभागों को समन्वित प्रयासों से धनबाद के सतत, सुरक्षित व व्यवस्थित विकास की दिशा में कार्य करने पर सहमति व्यक्त की गई. बैठक में डीडीसी सन्नी राज सहित जिला प्रशासन व नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद थे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp