Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Bokaro: प्रथम तिमाही में BSL ने रचा स्वर्णिम इतिहास, परिचालन राजस्व 9.37% बढ़कर हुआ 5880 करोड़

वित्त वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुई है. इस अवधि में संयंत्र ने उत्कृष्ट वित्तीय प्रदर्शन करते हुए उत्पादन, परिचालन दक्षता तथा टेक्नो-इकोनॉमिक प्रदर्शन के अनेक प्रमुख मानकों पर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं.
Advertisement
Advertisement
बोकारो जिले की खबरें

Bokaro: वित्त वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुई है. इस अवधि में संयंत्र ने उत्कृष्ट वित्तीय प्रदर्शन करते हुए उत्पादन, परिचालन दक्षता तथा टेक्नो-इकोनॉमिक प्रदर्शन के अनेक प्रमुख मानकों पर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जो परिचालन उत्कृष्टता तथा सतत विकास के प्रति संयंत्र की प्रतिबद्धता को पुनः सिद्ध करते हैं.

Uploaded Image

सुदृढ़ परिचालन रणनीति, प्रभावी लागत नियंत्रण तथा उत्कृष्ट उत्पादन प्रदर्शन के बल पर बोकारो इस्पात संयंत्र ने प्रथम तिमाही के दौरान उल्लेखनीय वित्तीय उपलब्धियां अर्जित कीं. संयंत्र का परिचालन राजस्व (ऑपरेशनल रेवेन्यू) 9.37 प्रतिशत बढ़कर ₹5,376 करोड़ से ₹5,880 करोड़ हो गया. इसी प्रकार, ईबीआईटीडीए (EBITDA) में ₹566 करोड़ की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई और यह ₹588 करोड़ से बढ़कर ₹1,154 करोड़ पर पहुंच गया, जो सेल के सभी एकीकृत इस्पात संयंत्रों में सर्वोत्तम प्रदर्शन है. 

Uploaded Image

ईबीआईटीडीए मार्जिन भी 10.94 प्रतिशत से बढ़कर 19.62 प्रतिशत हो गया, जो बेहतर परिचालन दक्षता एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग को दर्शाता है. यह भी सेल के सभी संयंत्रों में सर्वाधिक है. लाभ कर पूर्व (पीबीटी) में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करते हुए यह ₹97.82 करोड़ से बढ़कर ₹715.57 करोड़ हो गया, जो संयंत्र के सुदृढ़ वित्तीय एवं परिचालन प्रदर्शन का प्रमाण है.

 

उत्पादन के क्षेत्र में भी संयंत्र ने स्थापना काल से अबतक की सर्वश्रेष्ठ प्रथम तिमाही का प्रदर्शन किया. इस अवधि में ओवन पुशिंग्स, ग्रॉस सिन्टर, हॉट मेटल, क्रूड स्टील तथा कुल विक्रय योग्य कोल्ड रोल्ड स्टील (सीआर सेलएबल) के उत्पादन में नए प्रथम तिमाही रिकॉर्ड स्थापित किए गए. इसके साथ ही सिन्टर मशीन उत्पादकता, कोक रेट तथा ब्लास्ट फर्नेस उत्पादकता जैसे प्रमुख परिचालन मानकों ने भी संयंत्र के स्थापना काल से अब तक की सर्वोच्च प्रथम तिमाही उपलब्धियां दर्ज कीं.

इसे भी पढ़ें: 

वित्त वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही के दौरान बोकारो इस्पात संयंत्र ने टेक्नो-इकोनॉमिक मानकों में भी नए कीर्तिमान स्थापित किए. कोल डस्ट इंजेक्शन (सीडीआई) दर बढ़कर 96 किलोग्राम प्रति टन हॉट मेटल (किग्रा./टीएचएम) हो गई, जिसने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में प्राप्त 95 किग्रा./टीएचएम के पिछले सर्वश्रेष्ठ स्तर को पीछे छोड़ दिया. 

 

सीडीआई दर में वृद्धि से कोक की खपत कम होती है तथा ब्लास्ट फर्नेस की दक्षता एवं लागत प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार होता है. इसी प्रकार, विशिष्ट ऊर्जा खपत (स्पेसिफिक एनर्जी कंजम्प्शन) को घटाकर 6.314 जी-कैल प्रति टन क्रूड स्टील (जी-कैल/टीसीएस) के नए स्तर पर लाया गया, जो वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में प्राप्त 6.328 जी-कैल/टीसीएस के पूर्व रिकॉर्ड से बेहतर है. यह उपलब्धि संयंत्र द्वारा ऊर्जा दक्षता एवं प्रक्रिया अनुकूलन की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों को दर्शाती है.प्रथम तिमाही के दौरान विभिन्न उत्पादन एवं परिचालन क्षेत्रों में अनेक मासिक उपलब्धियाँ भी दर्ज की गईं. 

 

अप्रैल 2026 में रॉ मटेरियल हैंडलिंग प्लांट (आरएमएचपी) ने 16,653 वैगनों के माध्यम से 11.7 लाख टन कच्चे माल की अनलोडिंग कर नया मासिक रिकॉर्ड स्थापित किया, जबकि इससे पूर्व जनवरी 2026 में 15,223 वैगनों के माध्यम से 10.7 लाख टन कच्चे माल की अनलोडिंग का रिकॉर्ड था. 

 

जून 2026 में कोक ओवन विभाग ने प्रतिदिन औसतन 531 ओवन पुशिंग्स का नया कीर्तिमान स्थापित किया, जिसने मार्च 2026 में बनाए गए 530 ओवन पुशिंग्स प्रतिदिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. कोल्ड रोलिंग मिल ने रूट-2 के शटडाउन के बावजूद अप्रैल 2026 में 52,009 टन सेल योग्य कोल्ड रोल्ड स्टील (सीआर सेलएबल-I) का उत्पादन कर मार्च 2026 के 50,975 टन के पूर्व रिकॉर्ड को पार कर लिया. 

 

ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में भी जून 2026 में विशिष्ट ऊर्जा खपत घटकर 6.274 जी-कैल/टीसीएस के नए मासिक सर्वश्रेष्ठ स्तर पर पहुँच गई, जो मार्च 2026 में प्राप्त 6.290 जी-कैल/टीसीएस के पूर्व रिकॉर्ड से बेहतर है.प्रथम तिमाही के दौरान बोकारो इस्पात संयंत्र ने जल संरक्षण तथा प्रक्रिया जल के अधिकतम दक्ष उपयोग पर विशेष बल देते हुए जल संसाधन प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाया. 

 

विभिन्न जल संरक्षण उपायों एवं प्रक्रिया जल के अनुकूलित उपयोग के परिणामस्वरूप विशिष्ट जल खपत में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई, जो संयंत्र में संसाधनों के सतत एवं अनुशासित उपयोग को प्रतिबिंबित करती है. जल उपयोग दक्षता में इस सुधार के कारण जल प्रभार (वॉटर चार्जेज) में भी कमी आई.इस अवधि में संयंत्र ने दैनिक उत्पादन के क्षेत्र में भी नए कीर्तिमान स्थापित किए. 

 

17 मई 2026 को संयंत्र ने 22,516 टन ग्रॉस सिन्टर का अब तक का सर्वाधिक दैनिक उत्पादन दर्ज किया, जिसने 1 मई 2026 को स्थापित 22,472 टन के पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. इसी प्रकार, चार ब्लास्ट फर्नेस संचालन के अंतर्गत 22 अप्रैल 2026 को 18,206 टन हॉट मेटल का उत्पादन कर नया दैनिक रिकॉर्ड स्थापित किया गया, जबकि इससे पूर्व 21 मार्च 2026 को 18,107 टन का रिकॉर्ड था.

 

प्रथम तिमाही के दौरान सेकेंडरी सेल्स तथा कर्मचारी सहभागिता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ दर्ज की गईं. जून 2026 में संयंत्र ने कोल केमिकल्स की ₹38.92 करोड़ की अब तक की सर्वाधिक मासिक बिक्री दर्ज की, जिसने सितंबर 2024 में स्थापित ₹35.97 करोड़ के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. साथ ही, विपणन विभाग ने सेकेंडरी इस्पात के लंबित भंडार को हाल के वर्षों के न्यूनतम स्तर पर बनाए रखते हुए त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया. 

 

कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों के योगदान को सम्मानित करने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रथम तिमाही के दौरान संविदा कर्मियों के बीच उपहार कार्डों का वितरण भी किया गया.

 

प्रथम तिमाही में प्राप्त यह उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन सुरक्षा के प्रति संयंत्र की अटूट प्रतिबद्धता से भी समर्थित रहा. "सेफ्टी फर्स्ट एंड ऑलवेज" की कार्य संस्कृति के अनुरूप सेल के "जीरो टॉलरेंस रूल्स" का पूरे संयंत्र में सम्पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है. इसके साथ ही सतत सुरक्षा जागरूकता अभियान, नेतृत्व की सक्रिय सहभागिता, व्यवहार आधारित सुरक्षा पहल तथा नियमित क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के माध्यम से संयंत्र में "जीरो हार्म" की संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है.

 

वित्त वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित करने के बाद बोकारो इस्पात संयंत्र वर्तमान वित्त वर्ष के आगामी महीनों में भी नई ऊँचाइयों को प्राप्त करने के लिए पूरी तरह तैयार है तथा सेल और देश की सतत प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देने हेतु प्रतिबद्ध है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही