- 27 फरवरी तक चलेगी कार्यवाही
Lagatar Desk : बिहार विधानमंडल का बजट सत्र आज 2 फरवरी को सुबह 11 बजे से शुरू हो रहा है, जो 27 फरवरी तक चलेगा. सत्र के पहले दिन राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे. साथ ही सरकार की ओर से सदन में आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश की जाएगी.
3 फरवरी को पेश होगा बजट
3 फरवरी को वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे. यह अनुमानित बजट लगभग 3.5 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है, जिसमें विकास, रोजगार और कल्याण योजनाओं पर फोकस होगा. इसके बाद बजट और राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी. सत्र के दौरान विभागीय बजट, अनुपूरक बजट और कई विधेयकों पर चर्चा कर उन्हें पास कराया जाएगा.
19 दिनों तक चलेगा सत्र
इस बार बजट सत्र 19 दिनों का होगा. पहले दिन को छोड़कर बाकी 18 दिनों में प्रश्नकाल और ध्यानाकर्षण की कार्यवाही होगी, जिसमें सरकार को विधायकों के सवालों का जवाब देना होगा. इस दौरान तृतीय अनुपूरक बजट भी लाया जाएगा और अनुदान मांगों पर चर्चा होगी.
नीट छात्र मौत मामले में हंगामे के आसार
बजट सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था, महिला रोजगार और अन्य मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेर सकता है. नीट छात्र की मौत और किसानों के रजिस्ट्रेशन जैसे मुद्दों पर जोरदार हंगामे के आसार हैं. वहीं विपक्ष के लिए भी एकजुट रहना बड़ी चुनौती होगी.
सरकार भी पूरी तरह तैयार
सरकार भी बजट सत्र के लिए पूरी तरह तैयार है. ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सदन की कार्यवाही नियमों के अनुसार चलेगी और सरकार सत्ता पक्ष व विपक्ष दोनों के सवालों का जवाब देगी.
विधानसभा, बजट और चर्चा का पूरा कार्यक्रम
विधानसभा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, बजट और विभागीय अनुदान मांगों पर कुल 9 दिन चर्चा होगी. राजकीय विधेयकों और गैर-सरकारी संकल्पों के लिए भी अलग-अलग दिन तय किए गए हैं.
2 फरवरी : सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू, 11:30 बजे सेंट्रल हॉल में राज्यपाल का अभिभाषण, आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश, शोक प्रस्ताव के बाद कार्यवाही समाप्त
3 फरवरी : बजट पेश, धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा
4 फरवरी : शब-ए-बरात के कारण अवकाश
5 फरवरी : धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा और सरकार का जवाब
6 फरवरी : बजट पर चर्चा
7-8 फरवरी : अवकाश
9 फरवरी : बजट पर चर्चा और सरकार का उत्तर
10 फरवरी : अनुदान मांगों पर चर्चा और मतदान
11 फरवरी : तृतीय अनुपूरक बजट पर चर्चा और पास
12-13 फरवरी : विभागीय बजट पर चर्चा
14-15 फरवरी : अवकाश
16 से 20 फरवरी : विभिन्न विभागों के बजट पर चर्चा और मतदान
21-22 फरवरी : अवकाश
23 फरवरी : विनियोग विधेयक पर चर्चा
24 फरवरी : राजकीय विधेयक और अन्य सरकारी कार्य
25 फरवरी : गैर-सरकारी संकल्पों पर चर्चा
26 फरवरी : राजकीय विधेयक और अन्य कार्य
27 फरवरी : गैर-सरकारी संकल्पों पर चर्चा
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



Leave a Comment