Ranchi News : राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के हरमू रोड स्थित एक राइफल शूटिंग क्लब में छात्राओं के चेंजिंग रूम और बाथरूम में गुप्त कैमरे लगाए जाने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद क्लब में हंगामा मच गया. सूचना पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लब के ट्रेनर सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
इसे भी पढ़ें...
बताया गया कि शूटिंग की ट्रेनिंग लेने वाली कुछ छात्राओं को चेंजिंग रूम और बाथरूम में संदिग्ध गतिविधि का एहसास हुआ. इसके बाद जब जांच की गई तो वहां छिपाकर लगाए गए कैमरे का पता चला. कैमरा मिलने की जानकारी सामने आते ही छात्राओं और उनके परिजनों ने क्लब परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और मामले की सूचना पुलिस को दी.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की और आरोपी ट्रेनर सचिन कुमार को हिरासत में लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच के दौरान छात्राओं के चेंजिंग रूम और बाथरूम से बनाए गए कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल जब्त कर लिया है.
मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर गुप्त कैमरे कब से लगाए गए थे और आरोपी ने रिकॉर्ड किए गए वीडियो को किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा या ऑनलाइन अपलोड किया था या नहीं. मामले की जांच जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

