Ranchi : 1/3 कंपनी संत जेवियर्स कॉलेज, रांची एनसीसी ने आईक्यूएसी के सहयोग से ब्लैक डे पर कैंडल मार्च का आयोजन किया. इस मार्च के माध्यम से 14 फरवरी 2019 को पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
विदित हो कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के काफिले पर एक आत्मघाती हमलावर द्वारा हमला किया गया था, जिसमें 40 वीर जवान शहीद हो गए थे. यह घटना देश के लिए अत्यंत पीड़ादायक और स्तब्ध कर देने वाली रही.
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रिंसिपल फादर डॉ. प्रदीप रॉबर्ट कुजुर, एस.जे. के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ. उन्होंने अपने उद्बोधन में राष्ट्र की रक्षा के लिए हमारे बहादुर सैनिकों द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण रखने और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया.
कैंडल मार्च में कुल 120 एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया. कैडेटों की सक्रिय और अनुशासित सहभागिता ने देश के वीर सैनिकों के प्रति युवाओं के सम्मान, कृतज्ञता और देशभक्ति की भावना को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया.
एएनओ कैप्टन डॉ. प्रिया श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में कैडेटों को पुलवामा हमले के महत्व और शहीदों के बलिदान के बारे में अवगत कराया गया. पूरा कार्यक्रम अनुशासन, एकता और गरिमा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment