Search

 
 
 

सीबीआई निदेशक चयन मामला, राहुल ने पीएम मोदी को लिखा विरोध पत्र, विपक्ष का नेता रबर स्टैंप नहीं हो सकता

पीएम मोदी को लिखे अपने पत्र में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार(मोदी) ने पत्रकारों, आलोचकों और राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए CBI का बार-बार दुरुपयोग किया है.
 

New Delhi : सीबीआई के नये निदेशक के चयन मामले में बड़ी खबर सामने आयी है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष  राहुल   गांधी ने सिफारिश प्रक्रिया को लेकर विरोध दर्ज कराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है.

 

 

कांग्रेस सांसद  राहुल गांधी ने सीबीआई डायरेक्टर चुनने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए लिखा है कि विपक्ष का नेता रबर स्टैंप नहीं हो सकता. अहम बात यह है कि अपने विरोध पत्र को राहुल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है.

 

पीएम मोदी को लिखे अपने पत्र में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार(मोदी) ने पत्रकारों, आलोचकों और राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए CBI का बार-बार दुरुपयोग किया है.

 

कांग्रेस सांसद ने लिखा कि संस्थाओं पर ऐसे कब्जे रोकने के लिए ही चयन समिति में विपक्ष के नेता को शामिल किया जाता है. लेकिन यह अफसोसनाक  है कि आपने(पीएम) इस प्रक्रिया में मुझे किसी भी तरह की सार्थक भूमिका देने से लगातार इनकार किया है.

 

राहुल ने लिखा कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद मुझे योग्य उम्मीदवारों के स्व-मूल्यांकन और 360-डिग्री रिपोर्ट देखने की अनुमति नहीं दी गयी.

 

लिखा कि मुझसे उम्मीद की जा रही थी कि मैं समिति की बैठक के दौरान पहली बार 69 उम्मीदवारों के मूल्यांकन रिकॉर्ड की समीक्षा कर लूं. यह कानूनी प्रक्रिया का मजाक है.

 

राहुल ने दावा किया कि यह जान-बूझकर किया जा रहा है, ताकि सरकार द्वारा पहले से तय उम्मीदवार को ही चुन लिया जाये. इससे  पूरी कानूनी प्रक्रिया का मजाक उड़ता है.    


 
पत्र के अनुसार यह  कोई अकेली घटना नहीं है. राहुल ने लिखा कि उन्होंने पांच मई 2025 को अपनी असहमति दर्ज कराई थी. बाद में 21 अक्टूबर (2025) को एक निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाने के  सुझाव दिये थे,  लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं दिया गया.

 

राहुल गांधी ने लिखा कि चयन समिति को जरूरी जानकारी न देकर, सरकार ने इसे महज एक औपचारिकता बना दिया है. विपक्ष का नेता कोई रबर स्टैंप नहीं है. इसलिए मैं इस पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया में हिस्सा लेकर अपने संवैधानिक कर्तव्य से पीछे नहीं हट सकता.

 

राहुल गांधी ने लिखा कि मैं कड़े शब्दों में अपनी असहमति जता रहा हूं. बता दे कि कल सीबीआई के नये निदेशक के चयन को लेकर पीएम आवास पर बैठक हुई थी. उसमें राहुल के अलावा CJI सूर्यकांत शामिल हुए थे.

 

   

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही