Dhanbad News : BCCL कोयला नगर स्थित CISF यूनिट में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में CBI धनबाद ने CISF के दो पूर्व अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. प्राथमिकी तत्कालीन उप समादेष्टा ओम कुमार तंवर और तत्कालीन लेडी इंस्पेक्टर राज लक्ष्मी वर्मा के खिलाफ दर्ज की गई है.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, मामले को लेकर CISF मुख्यालय नई दिल्ली में मुख्य सतर्कता अधिकारी सह IG जोस मोहन को शिकायत मिली थी. शिकायत के आधार पर विभागीय स्तर पर जांच कराई गई. इसके बाद 25 सितंबर को CBI धनबाद को शिकायत प्राप्त हुई, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई.
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि CISF धनबाद में तैनाती के दौरान दोनों अधिकारियों ने वित्तीय अनियमितता की. शिकायतकर्ता की ओर से आरोपों से संबंधित एक पेन ड्राइव भी उपलब्ध कराई गई थी, जिसमें तीन ऑडियो रिकॉर्डिंग होने की बात कही गई है. जांच के दौरान ऑडियो में अधिकारियों की आवाज होने का दावा किया गया.
CBI की प्राथमिकी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया दोनों अधिकारियों पर सरकारी पद पर रहते हुए अपने आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन के बदले रिश्वत या अनुचित लाभ लेने का प्रयास करने और इसके लिए आपराधिक साजिश में शामिल होने का आरोप है.
वर्तमान में ओम कुमार तंवर आठवीं रिजर्व बटालियन, जयपुर और राज लक्ष्मी वर्मा तेनुघाट थर्मल पावर स्टेशन, ललपनियां में पदस्थापित बताई गई हैं. मामले की जांच की जिम्मेदारी CBI ACB के पुलिस उपाधीक्षक विकास कुमार पाठक को दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

