Ranchi : सीबीआई (रांची) ने 727.67 करोड़ रुपये के CMPFO घोटाले में प्राथमिकी दर्ज की है. हाईकोर्ट द्वारा इस घोटाले के सिलिसिले में दायर जनहित याचिका की सुनवाई के बाद दिये गये आदेश के आलोक में यह प्राथमिकी दर्ज की गयी है. डीएसपी कुलदीप कुमार को इस मामले का जांच अधिकारी बनाया गया है.
सीबीआई ने प्राथमिकी में CMPFO के तत्कालीन कमिशनर अनिमेश भारती सहित अन्य को अभियुक्त बनाया है. अभियुक्तों की सूची में दीवान हाउसिंग फाइनांस के निदेशक कपिल वाधवान और धीरज वाधवान का नाम शामिल है. इसके अलावा CMPFO धनबाद के अज्ञात पदाधिकारियों और कर्मचारियों को भी इसमें अभियुक्त बनाया गया है.
इसे भी पढ़ें
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गयी थी. इसमें यह आरोप लगाया गया था कि CMPFO के तत्कालीन कमिशनर ने वित्तीय सलाहकार की राय के खिलाफ जाकर दीवान हाउसिंग फाइनांस में पैसा निवेश किया. इसके बाद यह कंपनी दिवालिया हो गई. इससे CMPFO को आर्थिक नुकसान हुआ.
लेकिन इस मामले में विभागीय स्तर पर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के बदले उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है. हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान दोषी अधिकारियों को बचाने की कोशिश की दलीलों को सही माना गया. साथ ही मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया गया.

