Search

रामनवमी के दिन CBSE 12वीं की परीक्षा, रांची प्रशासन अलर्ट, छात्रों को अफवाहों से दूर रहने की सलाह

Ranchi :  रांची समेत पूरे झारखंड में 27 मार्च को रामनवमी जुलूस निकाला जाएगा. इसी दिन CBSE 12वीं बोर्ड की परीक्षा भी है. इसको लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. प्रशासन ने साफ कहा है कि परीक्षा और पर्व दोनों को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी की गई है.

 

शहर में निकलने वाले पारंपरिक जुलूस और संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जा रहा है. परीक्षा केंद्रों तक छात्रों की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कई स्थानों पर रूट डायवर्जन किया गया है. प्रशासन ने सभी केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती भी कर दी है.

 

जिला प्रशासन ने अभिभावकों और परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं. अधिकारियों का कहना है कि हर स्तर पर समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि छात्रों को परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.

 

परिवहन सेवाओं पर आंशिक असर की आशंका को देखते हुए अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे बच्चों को समय से पहले घर से भेजें. वहीं छात्रों से भी निर्धारित रूट का पालन करते हुए परीक्षा केंद्र समय पर पहुंचने को कहा गया है.

 

सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की कड़ी नजर है. भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. प्रशासन ने आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है, ताकि त्योहार और परीक्षा दोनों सुचारु रूप से संपन्न हो सकें. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp