Ranchi News: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुजनी ने केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की राजनीतिक साजिश करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून 2023 में ही संसद से पारित हो चुका है. इसके बावजूद परिसीमन की शर्त जोड़कर महिलाओं को उनका अधिकार देने में देरी की जा रही है.
मुजनी ने मांग की कि वर्तमान 543 लोकसभा सीटों में से 181 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएं और इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू किया जाए. इसके लिए परिसीमन का इंतजार कराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का मसौदा सार्वजनिक करे और सभी दलों के साथ सर्वदलीय बैठक बुलाए.
इसे भी पढ़ें:
कांग्रेस नेता ने आशंका जताई कि परिसीमन से राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और संघीय संतुलन पर असर पड़ सकता है. विशेषकर जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दक्षिण भारतीय राज्यों के साथ अन्याय की स्थिति बन सकती है. उन्होंने लोकसभा की 543 सीटों और राज्यों के प्रतिनिधित्व का अनुपात अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखने की मांग की.
मुजनी ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, बल्कि इसके नाम पर परिसीमन की राजनीति और संवैधानिक संतुलन से छेड़छाड़ का विरोध करती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

