Nitish Thakur
Goilkera News: पश्चिमी सिंहभूम जिला की गोईलकेरा थाना परिसर में सोमवार को मादक पदार्थों की अवैध खेती और सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीण मुंडाओं एवं डाकुवाओं के साथ बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा ने की. इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ग्रामीण मुंडा और डाकुवा मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा ने कहा कि पूरे प्रखंड में अफीम, पोस्ता, गांजा सहित किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की खेती करना पूरी तरह गैरकानूनी है. उन्होंने ग्रामीणों से ऐसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की. साथ ही ग्रामीण मुंडाओं और डाकुओं से कहा कि किसी भी प्रकार के लोभ या लालच में आकर अपने क्षेत्र में किसी व्यक्ति को मादक पदार्थों की अवैध खेती नहीं करने दें.
थाना प्रभारी ने कहा कि यदि किसी गांव या क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम, पोस्ता, गांजा अथवा अन्य मादक पदार्थों की खेती किए जाने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें. उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से ही इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है.
थाना प्रभारी ने कहा कि बारा पंचायत के ग्रामीण मुंडा और डाकुवा के साथ बैठक की गई है. आने वाले दिनों में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के मुखिया, मानकी, मुंडा और डाकुवा के साथ बैठक आयोजित की जाएगी. साथ ही मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ अभियान चलाने के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा. इस मौके पर थाना के अन्य अधिकारी व जवान मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

