Amit Kumar
Nowamundi: पश्चिमी सिंहभूम जिला के नोवामुंडी प्रखंड की बड़ाजामदा स्थित वेल्डन फ्यूचर एकेडमी स्कूल में मंगलवार को रक्षा बंधन को लेकर वर्ग 3 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए राखी बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई. प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को रक्षा बंधन की पवित्र भावना से जोड़ने के साथ उनकी रचनात्मकता एवं हस्तकला प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था.
इसे भी पढ़ें:
प्रतियोगिता में दो-दो प्रतिभागियों के 39 समूहों ने हिस्सा लिया. बच्चों को घर में आसानी से उपलब्ध इको-फ्रेंडली सामग्री का उपयोग कर राखियां तैयार करने का निर्देश दिया गया था. छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का परिचय देते हुए आकर्षक एवं सुंदर राखियां बनाईं.
प्रतियोगिता में नूपुर और स्नेहा की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं अनन्या और कमला की जोड़ी द्वितीय तथा रीतु और शुभश्री की जोड़ी तृतीय स्थान पर रही. विजयी प्रतिभागियों को विद्यालय की ओर से ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया.
इस मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मुकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने सभी को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर मनीष पूर्ति, पूनम रवानी, राखी देब महापात्रा, फिरोज खान सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

