Ranchi Court News : जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी मामले में जेल में बंद पूर्व मुख्य सचिव और JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते सहित पांच लोगों की जमानत पर CID की विशेष अदालत में सुनवाई हुई. सीआईडी की ओर से कोर्ट में केस डायरी पेश किया गया.
लोक अभियोजक की ओर से केस डायरी का अध्ययन और जवाब दाखिल करने के लिए समय की मांग की गई. इसके बाद कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई की तिथि मंगलवार (1 सितंबर) को निर्धारित की. ख्यांग्ते की ओर से वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार और अधिवक्ता चंदना कुमारी ने पक्ष रखा.
जिन लोगों की बेल पर सुनवाई है, उनमें एल ख्यांग्ते, पवन सिंह, स्वेता गुप्ता, अभय तिवारी और सौरभ सुमन शामिल हैं. बता दें कि सीआईडी ने एल ख्यांग्ते को 10 अगस्त को गिरफ्तार किया था. जांच में एल ख्यांग्ते पर टीडीपीएल से कथित तौर पर 2 करोड रुपए कमीशन लेने का आरोप लगाया गया है.
बताते चलें कि CID ने परीक्षा में अनियमितता को लेकर कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया है. इसी मामले की जांच के दौरान एजेंसी ने एल ख्यांग्ते को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ हुई थी, उसके बाद से वे जेल में बंद हैं. इस केस में अब तक 20 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
जेपीएससी नियुक्ति घोटाले के किंगपिन अभय तिवारी ने जो स्वीकारोक्ति बयान सीआईडी के अधिकारियों के समक्ष दिया है, उसमें उसने पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते का घोटाले में शामिल होने का उल्लेख किया है. साथ ही कहा है कि टीडीपीएल को परीक्षा आयोजित करने की एजेंसी के रूप में चयन करने में ख्यांग्ते की अहम भूमिका है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



