Ranchi News : जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में अनियमितताओं के मामले में सीआईडी की एसआईटी ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है. एसआईटी अब तक करीब 100 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ कर चुकी है. सोमवार को भी करीब 20 अभ्यर्थियों से पूछताछ की गयी. जांच के दौरान संदिग्ध भूमिका सामने आने वाले अभ्यर्थियों से अलग-अलग चरण में अलग-अलग जगहों पर पूछताछ की जा रही है.
सफल अभ्यर्थियों से ली जा रही जानकारी
जानकारी के मुताबिक एसआईटी ने मंगलवार को 24 से अधिक सफल अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए दोबारा समन जारी किया है. इन अभ्यर्थियों से परीक्षा की तैयारी, चयन प्रक्रिया, परीक्षा परिणाम और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर जानकारी ली जा रही है. जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि सफल अभ्यर्थियों का परीक्षा से जुड़े अन्य संदिग्ध लोगों से किसी तरह का संपर्क था या नहीं.
अभय तिवारी से लगातार पूछताछ
जेएसएससी और जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर अभय तिवारी से भी लगातार पूछताछ की जा रही है. सीआईडी ने सोमवार को भी उससे पूछताछ की. अभय तिवारी को जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है. वह सीजीएल परीक्षा में सफल होकर सरकारी नौकरी हासिल कर चुका है और टीडीपीएल में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत था. सीआईडी उससे परीक्षा और अभ्यर्थियों से जुड़े संपर्कों को लेकर लगातार पूछताछ कर रही है.
मिथिलेश सिंह के घर पर भी SIT की दबिश
जांच में अभय तिवारी के गुरु के तौर पर सामने आये मिथिलेश सिंह के घर पर भी एसआईटी ने दबिश दी है. टीम ने उनके ठिकाने पर पहुंचकर जांच की और मामले से जुड़े तथ्यों को हासिल किया है. जिसके आधार पर आगे की जांच की जा रही है. एसआईटी अभय तिवारी और मिथिलेश सिंह के बीच संबंधों, परीक्षा से जुड़े कथित नेटवर्क और अभ्यर्थियों से संपर्क की जानकारी जुटा रही है.
पत्नी और भाई को भेजा गया जेल
मामले में गिरफ्तार अभय तिवारी की पत्नी सुषमा और भाई अक्षय से पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है. दोनों के भी सीजीएल परीक्षा में सफल होकर सरकारी नौकरी हासिल करने की जानकारी सामने आयी है. एसआईटी उनकी भूमिका और दूसरे संदिग्ध अभ्यर्थियों से संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है.
जांच एजेंसी सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ के साथ परीक्षा से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क और उसके सदस्यों के बीच संपर्कों को खंगाल रही है. पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के आधार पर मामले में आगे और लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

