Shambhu Kumar
Chaibasa News : चाईबासा में शनिवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आरसीपीएलडब्ल्यूईए उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों की सड़क व पुल परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में ग्रामीण कार्य विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे. बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण योजनाओं की योजना-वार समीक्षा की.
इसे भी पढ़ें...
उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के बावजूद अधूरी पड़ी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों में हो रही देरी के कारणों की समीक्षा की. साथ ही शेष कार्य, निर्धारित पूर्णता तिथि तथा तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं की जानकारी प्राप्त की.
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने निर्माणाधीन योजनाओं से संबंधित वन स्वीकृति एवं अन्य लंबित अनुमतियों की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान करने को कहा.
उन्होंने कहा कि सड़क एवं पुल-पुलिया का निर्माण ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. विशेषकर उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
साथ ही नियमित स्थल निरीक्षण और अनुश्रवण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति सुनिश्चित करने को कहा. इस मौके पर आरईओ विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ व कनीय अभियंता मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

