Shambhu Kumar
Chaibasa: आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम ने मंगलवार को चाईबासा के सदर बाजार स्थित विभिन्न मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था तथा दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति की गहन जांच की गई.
इसे भी पढ़ें:
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने आम्रपाली, अन्नपूर्णा स्वीट, स्वीट इंडिया, सिंह होटल एवं राजस्थान स्वीट का निरीक्षण किया. इस दौरान प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं उनके सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की जांच की गई. साथ ही दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया.
निरीक्षण के क्रम में अन्नपूर्णा स्वीट में खाद्य पदार्थों को रखने के लिए अखबार के उपयोग देखा गया. वहीं स्वीट इंडिया में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली. दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को दो दिनों के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया. निर्धारित अवधि के भीतर सुधार नहीं किए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया कि बिना मैन्युफैक्चरिंग तिथि, एक्सपायरी तिथि तथा खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण संबंधी आवश्यक जानकारी अंकित पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं की जाए.
उन्होंने आगामी त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण एवं प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना सभी खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारी है. आम लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

