Shambhu Kumar
Chakradharpur : पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर शनिवार को सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा और विधि-विधान के साथ वट सावित्री व्रत किया. इस दौरान महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर बरगद (वट) वृक्ष के नीचे पूजा-अर्चना की और व्रत कथा सुनी.

पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा, चक्रधरपुर, मनोहरपुर, गोईलकेरा समेत कई प्रखंडों में सुबह से ही महिलाओं की भीड़ वट वृक्ष के नीचे जुटने लगी. महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर पूजा की और अपने पति की दीर्घायु की कामना की.
पूजा के दौरान मौजूद पुजारियों ने महिलाओं को वट सावित्री व्रत की कथा सुनाई. उन्होंने बताया कि वट वृक्ष के नीचे सावित्री, सत्यवान और यमराज की पूजा करने से पति की आयु लंबी होती है तथा परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है.मान्यता के अनुसार, इसी दिन माता सावित्री ने अपने तप और समर्पण से यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राणों की रक्षा की थी.
व्रत के दौरान महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर पवित्र धागा बांधा और सुखी वैवाहिक जीवन की प्रार्थना की. पूजा के बाद महिलाओं ने घर जाकर अपने पति के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया.
चक्रधरपुर के राजबाड़ी रोड स्थित रानी तालाब के समीप, इतवारी बाजार के समीप,भारतीय स्टेट बैंक के समीप, चांदमारी स्थित हनुमान मंदिर के समीप, दो नंबर थाना के समीप,पोर्टरखोली, आरई कॉलोनी, रिटायर्ड कॉलोनी, लोको कॉलोनी समेत अन्य स्थानों पर वट पेड़ के नीचे वट सावित्री की पूजा अर्चना के लिए बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाओं की भीड़ जुटी थी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

