Shambhu Kumar
Chaibasa News: आगामी त्योहारों के मद्देनजर पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं निर्माण के विरुद्ध उत्पाद विभाग सघन छापेमारी अभियान चला रहा है. इसी के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. छापेमारी के दौरान अवैध चुलाई शराब की बिक्री एवं निर्माण से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की गई.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार, जेटिया थाना क्षेत्र के कोटगढ़, नोवामुंडी थाना क्षेत्र के नोवामुंडी बाजार, चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के गुदड़ीबारी एवं आसंतलिया तथा सोनुवा थाना क्षेत्र के रामचन्द्रपोस में छापेमारी की गई. इस दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 42 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. वहीं, चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के पाकुवाबेड़ा में संचालित अवैध महुआ चुलाई शराब की भट्ठी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया.
गिरफ्तार पांच अभियुक्तों के अलावा एक फरार अभियुक्त के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. वहीं मौके से करीब 82 लीटर अवैध चुलाई शराब तथा 7.800 लीटर बीयर बरामद की गई. इसके अतिरिक्त अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त भट्ठी से लगभग 1200 किलोग्राम फर्मेंटेड जावा-महुआ को नष्ट किया गया.
शराब दुकान का औचक निरीक्षण
इसी के तहत चक्रधरपुर में कंपोजिट शराब दुकान का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान दुकान संचालकों एवं विक्रेताओं को निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य पर ही शराब की बिक्री करने, नियमानुसार दुकान का संचालन करने तथा अनुज्ञप्ति की सभी शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

