- ग्रामसभा ने पुरानी प्रतिमा हटाकर आदिवासी पारंपरिक स्वरूप में नई प्रतिमा लगाने का लिया निर्णय
Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला की चक्रधरपुर प्रखंड की टोकलो हाट बाजार में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को लेकर चल रहा विवाद अब नया मोड़ ले चुका है. भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व सांसद स्वर्गीय लक्ष्मण गिलुवा की ओर से स्थापित पुरानी प्रतिमा को पुनः उसी स्थान पर लगाने की मांग के बीच ग्रामसभा का लिखित प्रस्ताव सामने आया है.
इसे भी पढ़ें:
इसमें 15 नवंबर को बिरसा जयंती के अवसर पर नई प्रतिमा स्थापित होगी. ग्रामसभा ने पुरानी प्रतिमा हटाकर आदिवासी पारंपरिक स्वरूप में नई प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया गया है. ग्रामीणों के अनुसार, प्रतिमा बदलने की प्रक्रिया अचानक शुरू नहीं हुई थी. इसके लिए 5 अगस्त 2026 को ग्राम मुंडा हरिचरण गागराई की अध्यक्षता में ग्रामसभा आयोजित की गई थी. बैठक में पुरानी एवं जर्जर प्रतिमा को बदलने पर सहमति बनी थी.
इसके बाद मंडल अध्यक्ष के माध्यम से स्वर्गीय लक्ष्मण गिलुवा की पत्नी मालती गिलुवा को इसकी सूचना दी गई थी. ग्रामीणों का दावा है कि मालती गिलुवा के साथ हुई बैठक में भी प्रतिमा बदलने पर सहमति बनी थी. उन्हें नई प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में आमंत्रित करने की बात भी कही गई थी. ग्रामीणों ने बताया कि नई प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्थानीय विधायक दशरथ गागराई को भी आवेदन दिया गया था. डॉ. विजय सिंह गागराई ने भी सहयोग का आश्वासन दिया था.
इस मामले में 4 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत भरनिया के ग्राम टोकलो में पुनः ग्रामसभा हुई. इसमें बताया गया कि पुरानी प्रतिमा और उसका चबूतरा जर्जर एवं धंसा हुआ है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. ग्रामसभा ने पुरानी प्रतिमा हटाकर तीर-धनुष धारण किए हुए भगवान बिरसा मुंडा की नई प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया.
साथ ही पुरानी प्रतिमा को विधि-विधान से विसर्जित करने, स्वर्गीय लक्ष्मण गिलुवा के योगदान के प्रति आभार जताने और मालती गिलुवा को अनावरण कार्यक्रम में आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया. नई प्रतिमा के लिए विधायक से सहयोग मांगने पर भी सहमति बनी. बैठक में ग्राम मुंडा हरिचरण गागराई, गंगाराम गागराई, सुखलाल हांसदा, कृष्णा गागराई, संजय हांसदा, जगदीश सामाड समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

