- मुंबई से मुर्शिदाबाद लौट रहा था व्यक्ति
Shambhu Kumar
Chaibasa News: मुंबई-हावड़ा ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक बीमार व्यक्ति की मौत हो गई. चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने शव को ट्रेन से उतारा. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के अमीनाबाग गांव निवासी रिजाहुल हक शेख, पिता नशीमुद्दीन शेख के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें:
बताया जाता है कि रिजाहुल हक करीब दो-तीन महीने पहले काम करने मुंबई गया था. पिछले डेढ़ महीने से उसकी तबीयत खराब थी. स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उसके साथी उसे इलाज के लिए वापस मुर्शिदाबाद स्थित गांव ले जा रहे थे. यात्रा के दौरान नागपुर से पहले उसकी तबीयत बिगड़ गई थी. इसके बाद साथियों ने टीटीई को जानकारी दी, जिसके बाद नागपुर रेलवे स्टेशन पर उसे चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई.
राउरकेला पहुंचने के बाद उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई. साथियों की सूचना पर ट्रेन के टीटीई ने स्टेशन मास्टर को जानकारी देकर चिकित्सक की व्यवस्था करने का अनुरोध किया. इसके बाद चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल को सूचना दी गई.
रेलवे चिकित्सक स्टेशन पहुंचे और जांच के बाद रिजाहुल हक को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद जीआरपी ने शव को ट्रेन से उतारकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और मृतक के परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलने पर आसपास के शहरों में काम करने वाले उसके परिजन जीआरपी थाना पहुंचे. परिजनों ने सामान्य मौत बताते हुए आवेदन दिया और शव को अपने साथ लेकर मुर्शिदाबाद के लिए रवाना हुए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

