Search

 
 
 

Chaibasa News:  बस की छत पर सवारी बैठाना पड़ा भारी, परिवहन विभाग ने 4 हजार का जुर्माना वसूला

पश्चिमी सिंहभूम जिले में यात्री सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है. सोमवार को जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के नेतृत्व में बाईपास चौक के समीप पैसेंजर बसों एवं छोटे सवारी वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया.
 

Chakradharpur (Shambhu Kumar): पश्चिमी सिंहभूम जिले में यात्री सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है. सोमवार को जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के नेतृत्व में बाईपास चौक के समीप पैसेंजर बसों एवं छोटे सवारी वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान बसों, ऑटो और मैजिक वाहनों में ओवरलोडिंग तथा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने की जांच की गई.

 

मिल रही थीं शिकायतें

परिवहन विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि कई बसों में क्षमता से अधिक यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया जा रहा है. वहीं कुछ बसों की छतों पर भी लोगों को बैठाकर सफर कराया जा रहा है. इसके अलावा ऑटो एवं मैजिक वाहनों में भी क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने तथा छत पर सवारी कराने की शिकायतें सामने आ रही थी.

 

सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि उपायुक्त मनीष कुमार के सख्त निर्देश पर नियमों की अनदेखी कर परिवहन कर रहे वाहनों की लगातार जांच की जा रही है. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. 

जांच के दौरान एक बस अपनी क्षमता से अधिक सवारियों को वाहन की छत पर बैठाकर ले जाती पकड़ी गई, जिस पर नियमानुसार चार हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया. 

 

बस ऑनर एसोसिएशन के साथ बैठक

अभियान के बाद जिला परिवहन पदाधिकारी की अध्यक्षता में सभी बस ऑनर एसोसिएशन के साथ बैठक हुई. बैठक में गौतम कुमार ने कहा कि पड़ोसी राज्य ओडिशा में हीटवेव के कारण कई लोगों की मौत की दुखद घटनाएं सामने आई हैं. चिकित्सकों के अनुसार तेज धूप और गर्म हवाओं के संपर्क में आने से लू लगना, डिहाइड्रेशन और अचानक ब्लड प्रेशर गिरने जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं.

 

क्षमता से अधिक या छत पर सफर कराने पर होगी कार्रवाई

ऐसे में बसों की छतों पर यात्रा करना बेहद खतरनाक है. उन्होंने बस मालिकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी वाहन में क्षमता से अधिक सवारी या छत पर यात्रियों को बैठाकर सफर कराते पाया गया, तो संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही गर्मी को देखते हुए, सभी यात्री पड़ाव और बस स्टैंडों पर यात्रियों के लिए समुचित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही