Shambhu Kumar
Chaibasa News: गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती रिवरफ्रंट में 4 से 9 सितंबर तक ह्युंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज का आयोजन होगा. इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में तुरतुंग तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र, सिकुरसाई, चाईबासा के अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाज विजय सुंडी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे.
विजय सुंडी इससे पहले दो वर्ल्ड कप प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और दोनों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है. अहमदाबाद की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के साथ ही वह लगातार तीसरी बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
इसे भी पढ़ें:
प्रतियोगिता में भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच की भूमिका तुरतुंग तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र, सिकुरसाई, चाईबासा के अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रशिक्षक महर्षि महेंद्र सिंकु निभाएंगे. इससे पहले भी वह भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं.
प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए विजय सुंडी ने महर्षि महेंद्र सिंकु के मार्गदर्शन में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र, गांधीनगर में आयोजित पैरा नेशनल कोचिंग कैंप में अभ्यास किया. यह प्रशिक्षण शिविर 19 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित किया गया.
विजय सुंडी का लगातार तीसरी बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करना और महर्षि महेंद्र सिंकु का भारतीय टीम के कोच के रूप में चयन चाईबासा समेत पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है. दोनों के चयन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में उत्साह है. खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने विजय सुंडी एवं महर्षि महेंद्र सिंकु को अहमदाबाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

