Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने सोमवार को पोड़ाहाट अनुमंडल के सुदूरवर्ती क्षेत्र गुदड़ी प्रखंड की बिरकेल एवं गुलीकेरा पंचायत में संचालित विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने योजनाओं की जमीनी प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और लाभुकों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली.
इसे भी पढ़ें:
उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. इसके अलावा उन्होंने गुलीकेरा पंचायत के बिरहोर टोला में पीएम-जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया. उन्होंने लाभुकों से संवाद कर आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी ली तथा कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए प्रेरित किया.
निरीक्षण के दौरान बिरसा हरित ग्राम योजना, बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन के तहत निर्माणाधीन सिंचाई कूप तथा ग्रामीण विकास विभाग की अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को स्थायी परिसंपत्तियां उपलब्ध कराने के साथ उनकी आजीविका और आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है. सभी योजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया गया.
इसके अलावा अबुआ आवास योजना सहित अन्य आवास योजनाओं के तहत निर्माणाधीन आवासों का भी निरीक्षण किया गया. उन्होंने पात्र लाभुकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और योजनाओं की नियमित समीक्षा का निर्देश दिया.
उप विकास आयुक्त ने गुलीकेरा पंचायत के लोढ़ाई उप स्वास्थ्य केंद्र और गुदड़ी प्रखंड परिसर में निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं, भवन की स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली. उन्होंने ग्रामीणों को बेहतर एवं नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
प्रखंड परिसर स्थित जन स्वास्थ्य इकाई के निरीक्षण के दौरान क्षतिग्रस्त हिस्से को चिन्हित कर संबंधित अभियंताओं को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, जिला योजना पदाधिकारी फ्रांसिस कुजूर, बीडीओ मनोज कुमार तिवारी, प्रमुख सामी भेंगरा, जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन सहित संबंधित पदाधिकारी, अभियंता और कर्मी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

