Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने सोमवार को खूंटपानी प्रखंड का क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं तथा रोजगार सृजन से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें:
क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने सबसे पहले बड़ागुंटिया पंचायत के पुटीदा गांव में संचालित दीदी बगिया का निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने मटकोबेड़ा पंचायत भवन में आयोजित रोजगार दिवस कार्यक्रम में भाग लिया. इस दौरान पंचायत भवन में स्थापित प्लास्टिक कचरा प्रबंधन मशीन को शीघ्र स्थापित कर चालू करने का निर्देश दिया.
इस दौरान रुईडीह एवं मटकोबेड़ा पंचायतों में संचालित दीदी बाड़ी, बिरसा हरित ग्राम योजना तथा अन्य विकास योजनाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान मजदूरों की अत्यंत कम उपस्थिति दर्ज होने का मामला सामने आया.
इस पर उप विकास आयुक्त ने राष्ट्रीय मोबाइल निगरानी प्रणाली के माध्यम से दर्ज उपस्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित रोजगार सेवक एवं पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया. वहीं, क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी के बिना अनुमति अनुपस्थित रहने के मामले में भी स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया.
उप विकास आयुक्त ने प्रत्येक पंचायत में 200 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस दिशा में गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता है.
इसके लिए सभी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित निगरानी आवश्यक है. उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी. साथ ही, आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और ग्रामीणों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया. इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, मनरेगा बीपीओ व अन्य अधिकारी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

