Search

 
 
 

Chaibasa News: DDC ने टोंटो के केंजरा पंचायत में विकास योजनाओं का लिया जायजा

पश्चिमी सिंहभूम जिला के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने गुरुवार को टोंटो प्रखंड के केंजरा पंचायत क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनजागरूकता अभियानों की समीक्षा की.
 

Shambhu Kumar

Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिला के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने गुरुवार को टोंटो प्रखंड के केंजरा पंचायत क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनजागरूकता अभियानों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने सबसे पहले प्रोजेक्ट जागृति के तहत संचालित मिशन उदय अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र दाउदांगुआ का निरीक्षण किया.


यहां सीएचओ एवं स्वास्थ्य सहिया द्वारा किए जा रहे स्वास्थ्य स्क्रीनिंग कार्यों का अवलोकन कर बेहतर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए. इसके बाद उप विकास आयुक्त ने केंजरा पंचायत के सालीकुटी गांव में अबुआ आवास योजना के लाभुक मधुवा हेस्सा एवं बामिया हेस्सा के लंबित आवास निर्माण कार्यों की समीक्षा की.


उन्होंने लाभुकों को शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कर आवास को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया. पंचायत भवन केंजरा में आयोजित स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान की बैठक में भी उन्होंने भाग लिया. इस दौरान स्थानीय मुखिया, पंचायत सचिव एवं ग्रामीणों के साथ अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की गई.


बैठक में सुरक्षित माहवारी प्रबंधन, भस्मक (इंसीनरेटर) के उपयोग तथा स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया गया. कार्यक्रम के दौरान चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो अभियान एवं मलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत सभी उपस्थित लोगों को शपथ भी दिलाई गई. 


निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने पंचायत भवन के सुदृढ़ीकरण कार्य को तत्काल शुरू करने तथा पंचायत ज्ञान केंद्र को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को दिए. इस दौरान उन्होंने पंचायत परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस मौके पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही