Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन जलजमाव और जल निकासी की स्थिति पर विशेष निगरानी रख रहा है. इसी क्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने मंगलवार देर शाम चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न जलजमाव प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया.
चाईबासा की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जलजमाव से उत्पन्न समस्याओं, जल निकासी की वर्तमान व्यवस्था तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए.
उपायुक्त ने अमला टोला पहुंचकर जलजमाव के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकान का भी जायजा लिया. उन्होंने प्रभावित परिवार से स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया. साथ ही, जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय लोगों से चर्चा की और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया.
निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर चाईबासा अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू सहित संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

