Ranchi News : झारखंड सरकार की ओर से जेएसएससी सीजीएल (JSSC CGL) परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले को नवनियुक्त सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों ने मानने से इनकार कर दिया है. मंगलवार को राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन के बाहर जुटे आक्रोशित अभ्यर्थियों ने सरकार के इस कदम के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज किया. चयनित कर्मियों का कहना है कि वे किसी भी मौखिक आदेश को स्वीकार नहीं करेंगे.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पदाधिकारियों का तर्क है कि आंदोलन के दबाव में आकर बिना ठोस वजह बताए सरकार ऐसा फैसला नहीं ले सकती. उन्होंने इस निर्णय को पूरी तरह गैरकानूनी करार दिया है. कर्मियों ने दोटूक कहा कि सरकार अपना लिखित आदेश कोर्ट में दाखिल करे. इसके बाद वे कानूनी रूप से अदालत में ही इसका मुकाबला करेंगे और अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे.
पदाधिकारियों ने कहा कि वे मेहनत और योग्यता के दम पर नियुक्त हुए हैं. वे कई महीनों से विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. यदि भर्ती में कहीं कोई गड़बड़ी थी, तो सरकार को दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए थी. पूरी परीक्षा रद्द कर निर्दोष कर्मियों का भविष्य दांव पर लगाना न्यायसंगत नहीं है. अपने अधिकारों की रक्षा के लिए अब ये पदाधिकारी कानूनी लड़ाई लड़ने की पूरी तैयारी में हैं.
बता दें कि सरकार ने सोमवार को CGL परीक्षा रद्द कर दिया. इसके बाद कल रात से CGL पास अभ्यर्थी सरकार के फैसले का विरोध कर रहे है. मंगलवार को हो रही तेज बारिश के बावजूद सुबह से अभ्यर्थी सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

