Shambhu Kumar
Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने बुधवार को जिला समाहरणालय सभागार में जिले के पीएम श्री, कस्तूरबा गांधी आवासीय, झारखंड आवासीय और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों के प्राचार्यों के साथ समीक्षा बैठक की.
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, नियमित पढ़ाई और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए. कमजोर विद्यार्थियों को चिह्नित कर उनके लिए विशेष कक्षाएं और मार्गदर्शन की व्यवस्था करने को कहा.
सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर
उपायुक्त ने विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार चहारदीवारी निर्माण तथा बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्यार्थियों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने व भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता पर नियमित निगरानी रखने को कहा.
पीटीएम और परीक्षा नियमित कराने का निर्देश
उपायुक्त ने नियमित अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित करने और उसकी रिपोर्ट संधारित करने का निर्देश दिया. साथ ही समय-समय पर परीक्षाएं आयोजित कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन करने और जरूरत के अनुसार उनकी काउंसलिंग कराने को कहा. खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप विद्यार्थियों को गणवेश वितरित करने पर भी जोर दिया.
जरूरतों की सूची मांगी
उपायुक्त ने सभी प्राचार्यों को भवन, कक्ष, शौचालय, पेयजल, चहारदीवारी और बिजली सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की कमी से संबंधित विस्तृत सूची प्राथमिकता के आधार पर जिला प्रशासन को शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके.
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं प्राचार्यों से निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करते हुए विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और अनुशासन सुनिश्चित करने की अपील की.

